दुर्गा मंदिर में तीसरे दिन भी श्रीकृष्ण रासलीला की धूम, राधे-राधे के जयकारों से गूंजा क्षेत्र*

*दुर्गा मंदिर में तीसरे दिन भी श्रीकृष्ण रासलीला की धूम, राधे-राधे के जयकारों से गूंजा क्षेत्र*

*युवा पीढ़ी को धर्म और संस्कृति से जोड़ना समय की जरूरत : रोहित जसवाल*

*सैकड़ों की संख्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसमूह, राधे-राधे के जयकारों से गूंजा दुर्गा मंदिर*

जालंधर/ सुनील कुमार

दुर्गा मंदिर में आयोजित भगवान श्रीकृष्ण की साप्ताहिक रासलीला के तीसरे दिन श्रद्धा और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का आनंद लेने पहुंचे। श्री राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

श्री सर्वेश्वर रासलीला मंडल की ओर से प्रमुख रासाचार्य स्वामी प्रहलाद दास के मार्गदर्शन में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का आकर्षक एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी कला और अभिनय के माध्यम से भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर धर्म जागरण के प्रशासन प्रमुख रोहित जसवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार, उपदेश और लीलाएं हमें जीवन जीने की सही दिशा दिखाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से पूरी मानवता को कर्म, धर्म, कर्तव्य और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया है। उनका संदेश केवल किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त मानव समाज के लिए है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। आज की युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से परिचित करवाना समय की महत्वपूर्ण मांग है। धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से समाज में संस्कार, अनुशासन, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना विकसित होती है।

रोहित जसवाल ने कहा कि रासलीला हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के प्रेम का आध्यात्मिक स्वरूप हमें समर्पण, निष्ठा और ईश्वर के प्रति सच्ची भक्ति का मार्ग दिखाता है। ऐसे आयोजनों में जब परिवार सहित बच्चे, युवा और बुजुर्ग भाग लेते हैं तो पीढ़ियों के बीच संस्कारों का आदान-प्रदान होता है। इससे समाज में सकारात्मक सोच और धार्मिक चेतना का विस्तार होता है।

उन्होंने आगे कहा कि धर्म जागरण का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरूकता और सनातन मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, माता-पिता का सम्मान, जरूरतमंदों की सहायता और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी करवाना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का साथ नहीं छोड़ना चाहिए।

उन्होंने दुर्गा मंदिर में रासलीला के आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों, कलाकारों और सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों को ऐसे आयोजनों में अवश्य लेकर आएं, ताकि हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहें।

इस अवसर पर गुरजोत सिंह, प्रभदीप सिंह, कुलविंदर सिंह भोगल, अशोक कुमार, आकुल, जय, किशन लाल शर्मा, संदीप, गगन और राजीव सहगल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने रासलीला मंडल की प्रस्तुतियों की सराहना की और धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई।

अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर में देर तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

*कैप्शन: दुर्गा मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण रासलीला के तीसरे दिन धर्म जागरण के प्रशासन प्रमुख रोहित जसवाल एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति को सम्मानित. करते हुए किशन लाल शर्मा,संदीप तोमर अन्य।*

*कैप्चर: राधाकृष्ण की झांकी*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *