Accident:फगवाड़ा से बाबा बालक नाथ जा रही थी बस, हुई हादसाग्रस्त

बड़सर/ऊना/रोज़ाना रिपोर्टर

हादसा उपमंडल बंगाणा के तहत ऊना-भोटा रोड पर थानाकलां के समीप हरिनगर में हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ श्रद्धालु घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। बस पंजाब के फगवाड़ा से प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बस सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत थानाकलां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को ऊना क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है।

ऊना जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में मृत व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बस में सवार सभी यात्री पंजाब के फगवाड़ा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतें और वाहन चालकों को विशेष सतर्कता के साथ ड्राइविंग करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *