श्री गुरु रविदास जी के गुरुपर्व पर बनारस रवाना हुई संगतों की रेलगाड़ी, विजय सांपला ने संत निरंजन दास जी महाराज का आशीर्वाद लिया
श्री सांपला ने की डेरा सचखंड बल्लां की व्यवस्थाओं की सराहना
जालंधर/सुनील कुमार

श्री गुरु रविदास जी महाराज के पावन गुरुपर्व के अवसर पर श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक समरसता का भव्य दृश्य उस समय देखने को मिला, जब जालंधर रेलवे स्टेशन से संगतों की विशेष रेलगाड़ी बनारस के लिए रवाना की गई। यह रेलगाड़ी डेरा सच्चखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी महाराज के आशीर्वाद से संगतों को श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली बनारस ले जाने के लिए रवाना हुई।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने संत निरंजन दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मोके विजय सांपला ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन और उनकी शिक्षाएं समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का दर्शन आज भी समाज को जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। श्री सांपला ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज के गुरुपर्व पर बनारस जाने वाली संगतों की यह रेलगाड़ी केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा सदैव संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने तथा दलित, पिछड़े और वंचित समाज के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और समरसता को मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगतों ने ‘गुरु रविदास जी महाराज की जय’ के जयकारों के साथ रेलगाड़ी को विदा किया।
कार्यक्रम के अंत में विजय सांपला ने सभी संगतों को गुरु रविदास जी महाराज के गुरुपर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित व सफल यात्रा की कामना की। इस अवसर पर जिला भाजपा प्रधान सुशील शर्मा, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, सीनियर भाजपा नेता मंजीत बाली, पूर्व विधायक जगबीर बराड़, पूर्व कैबिनेट मंत्री पंजाब मनोरंजन कालिया व पूर्व विधायक केडी भंडारी सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्त्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
