*अजित नगर के दुर्गा मंदिर में सातवें दिन भी श्रीकृष्ण रासलीला की धूम*
*रवि शर्मा एवं अश्विनी अटवाल ने ज्योति प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ*
सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व – रवि शर्मा*
*धर्म और सत्य के मार्ग पर चलना ही भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का मूल संदेश – किशन लाल शर्मा*

जालंधर/ सुनील कुमार
अजित नगर स्थित दुर्गा मंदिर में सामाजिक सुधार सभा की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण रासलीला के सातवें दिन धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ रवि शर्मा एवं अश्विनी अटवाल द्वारा विधिवत ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर रवि शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं केवल धार्मिक प्रसंग नहीं हैं, बल्कि इनमें जीवन जीने की कला और समाज को सही दिशा देने वाली गहरी शिक्षाएं छिपी हुई हैं। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य और धर्म का जो संदेश दिया है, वह आज भी प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़े रहना बेहद आवश्यक है। बच्चों और युवा पीढ़ी को धार्मिक आयोजनों के माध्यम से अपनी संस्कृति, इतिहास और सनातन परंपराओं से परिचित करवाना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, एकता और धार्मिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का संदेश हमें निष्काम कर्म करने और सदैव सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वहीं किशन लाल शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन हमें धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, मनुष्य को कभी सत्य और धर्म का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं के माध्यम से सिखाया कि अन्याय और अधर्म के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए, बल्कि साहस और दृढ़ संकल्प के साथ उसका सामना करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर अपने संस्कारों, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को अपनाना चाहिए। परिवार और समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव तथा सेवा की भावना को मजबूत करना ही श्रीकृष्ण के संदेश को जीवन में उतारना है।
कार्यक्रम में किशन लाल शर्मा, अजमेर सिंह बादल, संदीप तोमर, कुलविंदर सिंह भोगल, रवि शंकर, अश्विनी अटवाल, सुमित शर्मा, सतपाल सिंह, विजय कुमार, चिराग अबरोल, सुदेश कुमार शेषा, अशोक कुमार, अनु शर्मा, राजिंदर कौर बादल, संदीप अटवाल, अंजू तोमर, अंजना, नीलम, काजल एवं रीता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीकृष्ण रासलीला का मंचन श्री सर्वेश्वर रासलीला मंडल की ओर से रासाचार्य स्वामी प्रहलाद दास के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। धार्मिक प्रस्तुतियों एवं भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जोड़ा जा रहा है।
*कैप्शन: अजित नगर स्थित दुर्गा मंदिर में श्रीकृष्ण रासलीला के सातवें दिन रवि शर्मा , एवं कुलविंदर सिंह भोगल ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए।*
*कैप्शन: अजित नगर स्थित दुर्गा मंदिर में श्रीकृष्ण रासलीला के सातवें दिन अश्विनी अटवाल एवं सुमित शर्मा को सम्मानित करते हुए किशन लाल शर्मा, अजमेर सिंह बादल, संदीप तोमर एवं सामाजिक सुधार सभा के पदाधिकारी*

*कैप्शन: अजित नगर स्थित दुर्गा मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण रासलीला में राधा-कृष्ण की मनमोहक एवं सुंदर झांकी प्रस्तुत करते कलाकार*
*कैप्चर:सैकड़ों की संख्या में उमड़ा जनसमूह*
