होशियारपुर में फूड सेफ्टी टीमों की सख्त कार्रवाई—15 दुकानों और फैक्ट्रियों की जांच, 10 किलो मिठाई मौके पर नष्ट
अखबारों में लपेटे जा रहे थे केक, प्रिंटिंग की स्याही केक पर लगने के कारण करवाए गए नष्ट
4 इंप्रूवमेंट नोटिस भी किए जारी—कमियां दूर करें, नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई
मियाद पूरी हो चुके और गैर-मानक खाद्य पदार्थों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी: फूड सेफ्टी टीम की सख्त हिदायतें, उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
होशियारपुर / रोजाना रिपोर्टर

कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़, आई.ए.एस., डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर श्रीमती आशिका जैन, आई.ए.एस. और सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया की अगुवाई में फूड सेफ्टी टीमों द्वारा जिले में फूड सेफ्टी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच की जा रही है।
इसी कड़ी के तहत 19 और 20 सितंबर 2026 को फूड सेफ्टी टीमों द्वारा होशियारपुर लोकल, कोट फतूही, टांडा, दसूहा और मुकेरियां सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वीट शॉप, बेकरी शॉप और फूड फैक्ट्रियों की विशेष जांच की गई। इस दौरान कुल 15 फूड बिजनेस यूनिटों की जांच की गई।
इस दौरान डी.एच.ओ. डॉ. जतिंदर भाटिया की उपस्थिति में एफ.एस.ओ. विवेक द्वारा होशियारपुर लोकल क्षेत्र में 5 फूड बिजनेस यूनिटों की जांच, एफ.एस.ओ. इशान बंसल द्वारा कोट फतूही क्षेत्र में 5 फूड बिजनेस यूनिटों की जांच और डी.एच.ओ. डॉ. जतिंदर भाटिया तथा एफ.एस.ओ. मुनीश सोढ़ी द्वारा टांडा, दसूहा और मुकेरियां क्षेत्रों में 5 फूड बिजनेस यूनिटों की जांच की गई। इस प्रकार कुल 15 फूड सेफ्टी इंस्पेक्शन किए गए।
जांच के दौरान फूड सेफ्टी नियमों की पालना में कमियां पाए जाने पर 4 फूड बिजनेस ऑपरेटरों को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों को कमियां दूर करने के लिए कहा गया है और सख्त हिदायत की गई है कि समय के अंदर सभी कमियां दूर करके फूड सेफ्टी नियमों की पूरी पालना सुनिश्चित की जाए। कमियां दूर न करने या दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होशियारपुर की एक फूड फैक्ट्री की जांच के दौरान केक को अखबारों में लपेटकर रखा जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि अखबार की प्रिंटिंग की स्याही केक के संपर्क में आ रही थी। फूड सेफ्टी टीम द्वारा इस प्रथा को तुरंत बंद करवाया गया और संबंधित केक को नष्ट करवाया गया।
इसी तरह जांच के दौरान दसूहा में लगभग 10 किलो खराब मिठाइयां भी मौके पर नष्ट करवाई गईं। फूड सेफ्टी टीम द्वारा संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों को सख्त हिदायत की गई कि खाद्य पदार्थों की तैयारी, पैकिंग, स्टोरेज और बिक्री के दौरान सफाई तथा फूड सेफ्टी नियमों की पूरी पालना की जाए।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फूड बिजनेस ऑपरेटर केवल साफ-सुथरे, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही तैयार एवं बेचें। खाद्य पदार्थों को अखबारों या ऐसी किसी भी सामग्री में पैक न किया जाए, जिससे खाद्य पदार्थों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।उन्होंने स्पष्ट किया कि फूड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए फूड बिजनेस ऑपरेटरों की दोबारा जांच की जाएगी। यदि कमियां दूर नहीं की गईं तो फूड सेफ्टी एक्ट और नियमों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में फूड सेफ्टी संबंधी जांच मुहिम लगातार जारी रहेगी।
