अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत 3 जुलाई 2026 से होगी,श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB)

1 जुलाई/ रोज़ाना रिपोर्टर

श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) के अनुसार, अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत 3 जुलाई 2026 से होगी और इसका समापन 28 अगस्त 2026 को होगा. इस बार यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी, जो पिछले साल की तुलना में ज्यादा समय की होगी. यात्रा शुरू होने से पहले 29 जून 2026 को प्रथम पूजा का आयोजन किया जाएगा. वहीं यात्रा का समापन रक्षाबंधन के दिन पवित्र छड़ी मुबारक के अमरनाथ गुफा पहुंचने के साथ होगा.अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुके हैं. हर श्रद्धालु के लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है.

बिना वैध यात्रा परमिट और RFID कार्ड के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी.

रजिस्ट्रेशन शुल्क 150 रुपये प्रति श्रद्धालु तय किया गया है.श्रद्धालु दो तरीकों से रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. जिसमें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या SASB मोबाइल ऐप पर जाएं. अपना अकाउंट बनाकर आवेदन फॉर्म भरें. आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अनिवार्य हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) अपलोड करें. यात्रा की तारीख और अपना पसंदीदा रूट चुनें. 150 रुपये का शुल्क जमा कर यात्रा परमिट डाउनलोड करें.वहीं ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए देशभर में अधिकृत बैंक शाखाओं के जरिए भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है. इसके लिए निर्धारित बैंक जम्मू एंड कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक (PNB), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और YES बैंक हैं. रजिस्ट्रेशन पहले आओ, पहले पाओ (First Come First Serve) के आधार पर किए जाएंगे और यह प्रतिदिन तय कोटे के अनुसार होंगे. जिस तारीख की यात्रा करनी है, उसके 7 दिन पहले उस तारीख की बुकिंग बंद कर दी जाएगी. यात्रा के लिए कुछ जरूरी नियम तय किए गए हैं. श्रद्धालु की उम्र 13 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए. 6 हफ्ते से ज्यादा प्रेग्नेंट महिलाओं को यात्रा की अनुमति नहीं होगी. अमरनाथ यात्रा में हर श्रद्धालु के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट जरूरी है. हेल्थ सर्टिफिकेट 8 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी किया गया होना चाहिए. यह अधिकृत डॉक्टर या मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थान से जारी होना चाहिए. इसमें श्रद्धालु की फोटो लगी होनी चाहिए. हेल्थ सर्टिफिकेट की जांच के बाद ही यात्रा परमिट जारी किया जाएगा. हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के पवित्र धाम अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं. करीब 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. इस बार अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई 2026 से होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *