कुलपति सत प्रकाश बंसल ने नए कार्यालय में कार्यभार संभालते हुए परिसर से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की दिशा में दिए ,संकेत

देहरागोपीपुर / हिमाचल प्रदेश /रोज़ाना रिपोर्टर
हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर देहरा स्थित निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नई पारी की शुरुआत हुई। कुलपति सत प्रकाश बंसल ने नए कार्यालय में कार्यभार संभालते हुए परिसर से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की दिशा में संकेत दिए।
पूजा-अर्चना का आयोजन माता बगलामुखी मंदिर से आए विद्वान पुजारियों के सान्निध्य में हुआ, जिसमें हवन अनुष्ठान भी संपन्न कराया गया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि यह शुरुआत प्रतीकात्मक है, जबकि औपचारिक उद्घाटन के लिए देश के प्रधानमंत्री के अप्रैल या मई में आने की संभावना जताई जा रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र देहरा परिसर से ही शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। पहले चरण में करीब आठ स्कूलों और 20 से अधिक विभागों को यहां संचालित करने की योजना है, जबकि संचालन धर्मशाला परिसर के साथ समानांतर जारी रहेगा।
शैक्षणिक विस्तार के तहत बीटेक कोर्स पहले ही शुरू हो चुका है और लॉ समेत अन्य नए पाठ्यक्रमों को भी जल्द शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जल आपूर्ति पर करीब 20 करोड़ और बिजली व्यवस्था पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
कुलपति बंसल ने इस दिशा में सहयोग के लिए प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त 50 हेक्टेयर भूमि मिलने से विश्वविद्यालय के विस्तार को नई रफ्तार मिलेगी और आने वाले समय में यह परिसर उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
