मोगा में आयोजित आप की रैली में मुख्य सचिव और डीजीपी की मौजूदगी पर उठाए सवाल ,पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़

चंडीगढ़ / रोज़ाना रिपोर्टर

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार नौकरशाही का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने मोगा में आयोजित आप की रैली में मुख्य सचिव और डीजीपी की मौजूदगी पर सवाल उठाए।

इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए एक सोशल मीडिया संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा, “आम आदमी पार्टी की रैली में मुख्य सचिव और डीजीपी को देखकर यह सवाल उठता है कि क्या भारत के ‘स्टील फ्रेम’ नौकरशाह अब राजनीतिक मनमर्जियों के आगे झुक रहे हैं? क्या यह ऑल इंडिया सर्विस नियमों का स्पष्ट उल्लंघन नहीं है?”

सुनील जाखड़ ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नौकरशाही से अपेक्षा की जाती है कि वह निष्पक्षता के साथ काम करे, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि लोकतंत्र का स्टील फ्रेम — यानी सिविल सेवक — अब आप की मनमर्जी के आगे समर्पण कर चुका है। उन्होंने कहा कि यह सेवा नियमों का भी उल्लंघन है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि आप द्वारा मोगा में अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए आयोजित रैली में पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी गई और कथित तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग कर भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि रैली में डीजीपी और मुख्य सचिव को लाना आप सरकार की ओर से पूरी तरह अनैतिक कार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *