कांगड़ा घाटी की जीवनरेखा “रेल सेवा बहाल करने “की मांग तेज

देहरा/रोज़ाना रिपोर्टर

कांगड़ा घाटी की अहम रेल सेवा पठानकोट–जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक की शीघ्र बहाली को लेकर आज एडवोकेट शिवेंद्र सैनी की अध्यक्षता में स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर गुलेर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के माध्यम से भारतीय रेल मंत्रालय तथा डीआरएम जम्मू डिवीजन को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि कांगड़ा घाटी की जीवनरेखा मानी जाने वाली रेल सेवा लंबे समय से बाधित होने के कारण आम जनता, व्यापारी वर्ग, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेल संचालन बंद रहने से स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था पर भी पुरी तरह असर पड़ा है।
इस अवसर पर गुलेर व्यापार मंडल के सभी सदस्य और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में रेल सेवा को जल्द से जल्द पूर्ण रूप से बहाल करने की मांग दोहराई। लोगों ने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए संबंधित विभागों को तुरंत आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
वहीं एडवोकेट शिवेंद्र सैनी ने रेल प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए रेलवे संचालन कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने मांग की कि आगामी कुछ दिनों में रेल सेवा पुनः शुरू की जाए।जिससे लोगों को पेश आ रही दिक्कतों का समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *