आगामी चुनावों के मद्देनजर नेक्स्टजेन डाइस वेब पोर्टल के बारे में विभागाध्यक्षों को दी गई ट्रेनिंग
21 अक्टूबर तक स्टाफ का डेटा अपलोड करने की अपील
होशियारपुर/सुनील कुमार

आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एन.आई.सी.) द्वारा तैयार किए गए नेक्स्टजेन डाइस पोर्टल के बारे में आज स्थानीय जिला प्रशासनिक काम्पलैक्स में सभी विभागों के प्रमुखों को विस्तृत ट्रेनिंग दी गई। इस दौरान जिला चुनाव कार्यालय द्वारा जिले के संबंधित विभागों को 21 अक्टूबर तक स्टाफ का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के लिए कहा गया।
ट्रेनिंग के दौरान विशेषज्ञों द्वारा एन.आई.सी. द्वारा तैयार किए गए नेक्स्टजेन डाइस वेब पोर्टल के माध्यम से चुनाव अमले का डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रिंकी और चुनाव तहसीलदार रमणदीप कौर ने विभागों के अधिकारियों को बताया कि पोर्टल पर डेटा दर्ज करने के बाद चुनाव अमले की रैंडमाइजेशन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी तथा चुनाव अमले को रिहर्सल, ट्रेनिंग और चुनाव ड्यूटी के बारे में समय-समय पर सूचित किया जाएगा।
चुनाव तहसीलदार ने बताया कि जिला चुनाव कार्यालय द्वारा एन.आई.सी. को पोर्टल के माध्यम से समूचा डेटा उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि चुनाव अमले से संबंधित प्रक्रियाओं को समय-समय पर सुचारू ढंग से अमल में लाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस वेब पोर्टल के माध्यम से चुनाव अमले से संबंधित पूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसमें ड्यूटियां लगाना, रैंडमाइजेशन, मतगणना के लिए पार्टियां तैनात करना, माइक्रो ऑब्जर्वरों की तैनाती, ड्यूटी ऑर्डर तैयार करना, हाजिरी रिपोर्ट, फोटो आई.डी. तैयार करना आदि शामिल हैं।
रमणदीप कौर ने सभी विभागों के प्रमुखों से अपील की कि एन.आई.सी. के पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा 21 अक्टूबर तक अपने स्टाफ का विवरण अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।
