एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची का हुआ प्रारंभिक प्रकाशन: आशिका जैन

एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची का हुआ प्रारंभिक प्रकाशन: आशिका जैन

– डिप्टी कमिश्नर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

होशियारपुर / रोजाना रिपोर्टर

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने जिले की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची के प्रारंभिक संबंधी बैठक की। बैठक में जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारंभिक मतदाता सूची तथा एसआईआर-2026 के संशोधित कार्यक्रम संबंधी जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई।

 

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिले में 13 अगस्त 2026 को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को तैयार हुई वोटर सूचियों का प्रति विधानसभा क्षेत्र वाइज एक-एक सैट बिना फ़ोटो वोटर सूची की सीडी भी मुहैया करवाई।

 

उन्होंने बताया कि जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,601 मतदान केंद्र हैं और प्रारंभिक मतदाता सूची में कुल 11,69,930 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6,06,876 पुरुष, 5,63,024 महिलाएं और 30 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

 

उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियां जिला निर्वाचन कार्यालय तथा संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों में स्थापित हेल्प डेस्क पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा 16 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। मतदाता ऑनलाइन भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की वेबसाइट तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर मतदाता सूची देख सकते हैं।

 

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची के संबंध में 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है और जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक होगी, वे नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम पर आपत्ति अथवा नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर 7 तथा विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 जमा किया जा सकता है। ये आवेदन संबंधित बीएलओ/ईआरओ कार्यालय में या ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से भी किए जा सकते हैं।

 

आशिका जैन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करवाने तथा गलत प्रविष्टियों के संबंध में निर्धारित समय सीमा के भीतर दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने में सहयोग करें।

 

उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों द्वारा 8 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशना 12 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-कम- चुनाव पंजीकरण अधिकारी चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र डॉ. निधि कुमुद बंबाह, चुनाव तहसीलदार रमनदीप कौर, चुनाव कानूनगो लखबीर सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस से रजनीश टंडन, आम आदमी पार्टी से खुशी राम धीमान, शिरोमणि अकाली दल से जगतार सिंह, भाजपा से चरणजीत सिंह, सीपीआई (एम) से गुरमेल सिंह व बलविंदर सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *