एस.आई.आर. – जिले में 89.21 प्रतिशत मतदाताओं की हुई मैपिंग : जिला निर्वाचन अधिकारी

एस.आई.आर. – जिले में 89.21 प्रतिशत मतदाताओं की हुई मैपिंग : जिला निर्वाचन अधिकारी

बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से विशेष कैंप के दौरान लगभग 8700 मतदाताओं को किया गया मैप

शेष मतदाताओं की मैपिंग के लिए कार्रवाई जारी, जल्द होगी पूरी

होशियारपुर/ रोज़ाना रिपोर्टर

पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आने वाले पोलिंग स्टेशनों पर मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के तहत मतदाता सूचियों की मैपिंग के लिए विशेष कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा करीब 8700 मतदाताओं को मैप किया गया। जिससे जिले में कुल मैप किए गए मतदाताओं की संख्या 11,31,748 हो गई है।

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि रविवार को जिले के 1500 से अधिक पोलिंग स्टेशनों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा एस.आई.आर. के तहत मतदाताओं की मैपिंग की गई। उन्होंने बताया कि जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 12,68,635 है, जिसमें से 11,31,749 मतदाता मैप किए जा चुके हैं और 1,36,886 मतदाताओं को सूचियों के अनुसार अपडेट किया जाना बाकी है।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अब तक 89.21 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का काम पूरा कर लिया गया है और शेष मतदाताओं को भी जल्द अपडेट करने के लिए बी.एल.ओ. लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के विवरण में कुछ कमियां सामने आई हैं, उनकी दुरुस्ती के लिए बी.एल.ओ. द्वारा जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 39-मुकेरियां में कुल मतदाताओं की संख्या 2,05,133 है, जिनमें से 1,87,898 मतदाताओं को मैप किया जा चुका है और शेष मतदाताओं को अपडेट करने का कार्य जारी है। मुकेरियां विधानसभा क्षेत्र में 91.60 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा हो चुका है।

इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 40-दसूहा में कुल 1,95,167 मतदाता हैं, जिनमें से 1,76,586 मतदाताओं को मैप किया जा चुका है। दसूहा विधानसभा क्षेत्र में 90.48 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा हो चुका है।

विधानसभा क्षेत्र 41-उड़मुड़ में कुल 1,73,657 मतदाता हैं, जिनमें से 1,56,847 को मैप किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र में 90.32 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है।

इसी तरह 42-शामचौरासी में 1,73,896 मतदाता हैं, जिनमें से 1,59,386 को मैप किया जा चुका है और क्षेत्र में 91.66 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा हो चुका है।

इसी प्रकार 43-होशियारपुर में कुल 1,88,608 मतदाता हैं, जिनमें से 1,46,069 मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है और क्षेत्र में 77.45 प्रतिशत मैपिंग की जा चुकी है।

44-चब्बेवाल में कुल मतदाताओं की संख्या 1,59,700 है, जिनमें से 1,46,144 की मैपिंग पूरी हो चुकी है और शेष मतदाताओं को जरूरी दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया है। इस क्षेत्र में 91.51 प्रतिशत मैपिंग का काम हो चुका है।

इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 45-गढ़शंकर में कुल 1,72,474 मतदाता हैं, जिनमें से 1,58,819 की मैपिंग हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में अब तक 92.08 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा हो चुका है।

वर्णनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा बीते दिनों राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ एस.आई.आर. संबंधी विस्तृत बैठक के दौरान अपील की गई कि मतदाताओं से संबंधित इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए पार्टियों द्वारा जरूरी सहयोग के साथ-साथ अपने प्रतिनिधि भी तैनात किए जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया जाएगा और दावे व आपत्तियां 2 सितंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 3 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *