हिमाचल की 24 वर्षीय सेजल शर्मा ने किया मां बाप का नाम रोशन बनीं लेफ्टिनेंट,

हिमाचल की 24 वर्षीय सेजल शर्मा ने किया मां बाप का नाम रोशन बनीं लेफ्टिनेंट

कुटलैहड़ क्षेत्र के लिए गर्व का विषय, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर

बंगाणा/ रोजाना रिपोर्टर

बंगाणा उपमंडल के गांव बेरी हटली की होनहार बेटी 24 वर्षीय सेजल शर्मा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अब वह आगरा स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच) में अपनी सेवाएं देंगी। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

सेजल शर्मा, मनोज कुमार एवं सीमा शर्मा की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डी.ए.वी. स्कूल लठियाणी से पूरी की। सेजल बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित रही हैं। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सेजल के पिता मनोज कुमार रेलवे पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता सीमा शर्मा गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा सजल को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं उनके दादा भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं, जिससे देशसेवा की भावना उन्हें विरासत में मिली।

सेजल शर्मा की इस उपलब्धि पर गांव बेरी हटली, डाकघर धुंधला, तहसील बंगाणा सहित पूरे जिला ऊना में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

लोगों का कहना है कि सेजल शर्मा आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं। उनकी सफलता से अन्य युवाओं को भी देशसेवा और उच्च लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *