देहरा जिला पुलिस की बड़ी उपलब्धि, सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रदेश में दूसरा स्थान


देहरा / हिमाचल प्रदेश/ रोज़ाना रिपोर्टर
पुलिस जिला देहरा ने तकनीकी दक्षता और बेहतर कार्यप्रणाली के दम पर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की है। सीसीटीएनएस रैंकिंग में देहरा पुलिस ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
पुलिस जिला देहरा का गठन 23 अगस्त 2024 को हुआ था। गठन के बाद सीमित संसाधनों के साथ साथ अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रयासों से लगातार वर्ष 2025 के पहले क्वाटर (01 जनवरी से 31 मार्च) में जिला 14वें स्थान पर रहा। इसके बाद दूसरे क्वाटर (01 अप्रैल से 30 जून) में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।
तीसरी तिमाही (01 जुलाई से 30 सितंबर) में देहरा पुलिस ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया और चौथी तिमाही (01 अक्टूबर से 31 दिसंबर) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कायम रखते हुए प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर लिया।
केवल सीसीटीएनएस ही नहीं, बल्कि इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम आईसीजेएस में भी देहरा जिला की 8 पुलिस थाना इकाइयों ने टॉप-20 में जगह बनाई है। इनमें पुलिस थाना ज्वालामुखी, संसारपुर टैरेस, देहरा, रक्कड़, खुंडियां, हरिपुर, मझींण तथा डाडासीबा शामिल हैं। जिले के सभी थानों में केस डिस्पोजल, डाटा एंट्री, कोर्ट मॉड्यूल अपडेट, टाइम-बाउंड रिपोर्टिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं तथा आगे भी जारी रहेगी।देहरा जिला पुलिस कप्तान मयंक चौधरी ने इस सफलता का श्रेय पुलिस बल की मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति, पेशेवर क्षमता तथा जनता के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि देहरा पुलिस आगे भी बेहतर सेवा, त्वरित कार्रवाई और पारदर्शी पुलिसिंग के अपने संकल्प को बनाए रखेगी।
