वन विभाग की बड़ी सफलता देहरा,नगरोटा सूरिया ,हरिपुर तक घेराबंदी, वन विभाग के हत्थे चढ़े तीन वाहन


हिमाचल/रोज़ाना रिपोर्टर
गुप्त सूचना पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ढाई घंटे की नाकाबंदी के बाद अवैध लकड़ी से भरे तीन वाहन पकड़े
देहरा क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार बीती रात वन विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अवैध लकड़ी से भरे बोलेरो पिक-अप वाहन देहरा क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही डीएफओ देहरा सनी वर्मा अपनी टीम के साथ तुरंत हनुमान चौक पहुंचे तथा रास्ते में ही बीओ देहरा को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
वन विभाग की टीम ने समय रहते नाका लगाया, लेकिन तस्कर संगठित तरीके से काम कर रहे थे। लकड़ी से लदे वाहनों के आगे एक बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी चल रही थी, जिसने विभागीय टीम को देखकर पीछे आ रहे वाहनों को सतर्क कर दिया। इसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गए और हरिपुर रोड की ओर निकल गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ को तुरंत बुलाया गया और देहरा से हरिपुर तक नाकाबंदी व गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की सघन कार्रवाई के बाद वन विभाग ने तीन वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की। जांच में पाया गया कि इन वाहनों में नॉन-एग्ज़ेम्प्टेड प्रजातियों की लकड़ी अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी।
