
देहरागोपीपुर, 13 फरवरी/रोज़ाना रिपोर्टर
थाना डाडासीबा के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चनौर में हुई सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने तुरंत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जिला देहरा द्वारा दी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को स्कूल में कार्यरत मिड-डे मील वर्कर 59 वर्षीय सलोचना देवी पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे कथित रूप से उस की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घायल महिला को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डाडासीबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि गांव चनौर निवासी 45 वर्षीय आरोपी ने विद्यालय परिसर में ही वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लगभग आधे घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
इस संबंध में पुलिस थाना डाडासीबा में एफआईआर नंबर 12/26 दिनांक 12.02.2026 को धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। 13 फरवरी को मृतका का पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित कर गहन जांच जारी है और आगामी कानूनी कार्रवाई जांच निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
