भाजपा के बढ़ते जनाधार से डरी आप धक्केशाही पर उतरी- विजय रूपाणी

भाजपा के बढ़ते जनाधार से डरी आप धक्केशाही पर उतरी- विजय रूपाणी

भाजपा प्रत्याशियों को नामांकन पत्र भरने से रोकने के लिए आप अपना रही घटिया हथकंडे

भाजपा उम्मीदवार रवनीत बिट्टू को रात 12 बजे नोटिस भिजवाकर दिखाई बदनीयती

जमानत पर प्रचार करने के लिए जेल से बाहर आने वाले केजरीवाल बेअसर

 

जालंधर, 10 मई:(सुनील कुमार)पंजाब भाजपा चुनाव प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आम आदमी पार्टी पर धक्केशाही करने का आरोप लगाया है। रूपाणी ने कहा कि आप सरकार भाजपा के बढ़ते हुए जनाधार को देखकर बुरी तरह से डरी हुई है। प्रार्टी प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार से रोकने के लिए, नामांकन पत्र भरने से रोकने के लिए नए नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। जिसे भाजपा बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लुधियाना से भाजपा उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू को शुक्रवार को नामांकन भरना था लेकिन इससे पहले गुरुवार आधी रात को उन्हें निगम का किराए का नोटिस मिला। बिट्टू ने जिस कोठी में रहते हुए वर्ष 2017 में विधानसभा एवं वर्ष 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़ा, तब उनको एनओसी दी गई। अब बिट्टू पर 1.82 करोड़ रुपये का बकाया बताया गया। हैरानी की बात तो यह है कि बिट्टू ने एनओसी के लिए चार मई को आवेदन किया था। ऐसे में नामांकन पत्र भरने से कुछ घंटे पहले रात के 12 बजे उन्हें नोटिस भेजना सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। इसके अलावा बठिंडा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी परमपाल कौर सिद्धू को भी नौकरी से इस्तीफा देने के बावजूद एनओसी देने के लिए खूब परेशान किया। रूपाणी ने कहा भाजपा आप और इसमें शामिल अधिकारियों की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी।

लोगों ने भाजपा के पक्ष में बनाया मन

विजय रूपाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूत कार्रवाई की है। राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल जैसे तमाम नेता जमानत पर बाहर हैं। अब यह सब मिलकर ईमानदार मोदी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन लोग इनका असली चेहरा देख चुके हैं। पंजाब के लोग आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। लोगों के साथ विधानसभा चुनाव 2022 में जो धोखा हुआ था। उसका जवाब अब लोकसभा चुनाव में देंगे। भाजपा प्रत्याशी बड़े अंतराल से जीत रहे हैं। इसलिए आप डरी हुई है।

भाजपा की रैलियों में उमड़ा हजूम

भाजपा के छह प्रत्याशियों ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। लोकसभा सीट गुरदासपुर से भाजपा प्रत्याशी दिनेश सिंह बब्बू ने, जालंधर से सुशील रिंकू, लुधियाना से रवनीत सिंह बिट्टू, बठिंडा लोकसभा सीट से परमपाल कौर सिद्धू और खडूर साहिब लोकसभा सीट से मंजीत सिंह मन्ना जालंधर से भाजपा उम्मीदवार सुशील रिंकू और अमृतसर से बीजेपी प्रत्याशी तरनजीत सिंह संधू ने विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशियों के साथ जनता का बड़ा हजूम देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *