
जालंधर, 11 अप्रैल 2026/सुनील कुमार
आज होटल बेस्ट वेस्टर्न प्लस, जालंधर में पंजाब भाजपा का एनआरआई मीट का सफल आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुनील जाखड़ जी एवं कार्यकारी अध्यक्ष श्री अश्विनी शर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्री कमलजीत सिंह हेयर जी ने किया, जिसमें कनाडा के अल्बर्टा से एमएलए पीटर संधू, रूबी ग्रेवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रमुख एनआरआई भाइयों-बहनों ने भाग लिया। भाजपा की ओर से सीनियर नेता श्री अविनाश चंद्र जी, मनोरंजन कालिया, के. डी. भंडारी, फतेह सिंह बाजवा, राकेश राठौर एवं अन्य कोर कमेटी सदस्य भी मौजूद रहे।
श्री सुनील जाखड़ जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा एनआरआई भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा, “एनआरआई विदेशों में कड़ी मेहनत से भारत का नाम रोशन करते हैं। पंजाब के हर किसान परिवार में एक एनआरआई सदस्य होता है।”श्री अश्विनी शर्मा जी ने कहा कि एनआरआई जब भारत लौटते हैं तो उन्हें अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। भाजपा वचनबद्ध है कि सरकार बनने पर इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।कार्यक्रम आयोजन में श्री कमलजीत सिंह हेयर जी का विशेष योगदान रहा। वे एनआरआई सभा के दो बार अध्यक्ष एवं एनआरआई कमीशन के सदस्य रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में एनआरआई भवन, पुलिस स्टेशन एवं कोर्ट का निर्माण कराया गया। उन्होंने देश-विदेश भ्रमण कर लगभग 5,000 एनआरआई भाइयों को अपनी सभा से जोड़ा। 2013-14 से वे भाजपा के कर्मठ सदस्य के रूप में सक्रिय हैं।अंत में, सभी एनआरआई भाइयों-बहनों ने भाजपा को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
